28 Mar 2024, 18:14:36 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

भारत को 2 वर्ल्ड कप जिताने वाले गौतम गंभीर ने लिया क्रिकेट से संन्यास

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Dec 5 2018 12:01PM | Updated Date: Dec 5 2018 12:01PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। भारतीय टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे और आईपीएल टीम दिल्ली से रिलीज कर दिए गए बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। गंभीर ने ट्विटर और फेसबुक पर एक वीडियो साझा करते हुए अपने संन्यास की घोषणा की। भारत के सबसे सफल सलामी बल्लेबाजों में से एक गंभीर ने भारत को 2007 का ट्वेंटी-20 विश्व कप और 2011 का एकदिवसीय विश्व कप जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
 
दिल्ली के गंभीर ने ट्वीट कर कहा कि सबसे मुश्किल फैसले भारी दिल से लिए जाते हैं, मैं आज भारी मन से  वह ऐलान कर रहा हूं, जिससे मैं पूरी जिंदगी डरता रहा। 2010 में न्यूजीलैंड के खिलाफ गौतम गंभीर को भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। भारत ने ये सीरीज 5-0 से अपने नाम की थी। उनका खुद का प्रदर्शन भी शानदार रहा था, जिसके लिए उन्हें मैन आॅफ द सीरीज के पुरस्कार से भी नवाजा गया था।
 
केकेआर को दो बार बनाया चैंपियन
इंडियन प्रीमयर लीग (आईपीएल) के पहले सत्र में गंभीर ने दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए 534 रन बनाए थे। वह पहले सत्र में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। शुरुआती दो सत्र में गंभीर ने 1000 रन अपने खाते में जोड़ डाले थे। उनके दमदार प्रदर्शन को देखते हुए शाहरुख खान की फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 2010 में उन्हें 2.4 मिलियन डॉलर खर्च कर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था। गंभीर को इस टीम की कमान भी सौप दी गई थी। उन्होंने अपनी कप्तानी में केकेआर को 2012 और 2014 में चैंपियन बनाया। गंभीर 2017 में केकेआर को छोड़कर दिल्ली डेयरडेविल्स वापस आ गए थे। उन्हें इस टीम की कप्तानी सौंपी गई थी, लेकिन शुरुआती मैचों के बाद पहले उन्होंने कप्तानी छोड़ी फिर टीम में अपनी जगह भी छोड़ दी थी। क्रिकेट का यह बड़ा ही अजीब इत्तेफाक है कि दिल्ली डेयरडेविल्स ने मंगलवार को ही अपना नाम बदलकर दिल्ली कैपिटल्स रख लिया और उसके कुछ घंटे बाद ही गंभीर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की खबर आई।
 
इसी साल गंभीर सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर भी बने थे। 2009 में वह आईसीसी टेस्ट रैंकिंग के शीर्ष पर पहुंचे थे। अपना आखिरी टेस्ट नवंबर 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। सीमित ओवर में आखिरी बार जनवरी 2013 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे और दिसंबर 2012 में पाकिस्तान के
खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
 
- 2007 टी-20 विश्व कप में गौतम गंभीर भारतीय टीम का हिस्सा थे। पूरे टूर्नामेंट में गंभीर ने सबसे ज्यादा रन बनाए थे। फाइनल में गंभीर की पारी अहम रही थी। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 54 गेंदों पर 75 रन की जोरदार पारी खेली थी।
 
- 2008 तक गंभीर क्रिकेट के हर प्रारूप की भारतीय टीम का हिस्सा बन गए थे। गौतम गंभीर के लिए 2009 यादगार साल रहा। इसी साल गंभीर अपने पहले विदेश दौरे पर न्यूजीलैंड गए और गए थे और भारत ने 41 साल बाद मेजबान टीम को उसी की धरती पर हार का स्वाद चखाया। 
 
- भारत की इस जीत में गंभीर की भूमिका महत्वपूर्ण रही। गंभीर ने उस टेस्ट सीरीज में 445 रन बनाए थे। 
 
लगातार पांच टेस्ट शतक
अंतराष्ट्रीय क्रिकेट में गौतम गंभीर के नाम कई रिकॉर्ड शामिल हैं। 2009 में गंभीर टेस्ट क्रिकेट में लगातार पांच शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए थे। इसके अलावा गौतम गंभीर ऐसे क्रिकेटर हैं जिन्होंने 300 से भी ज्यादा रन चार टेस्ट मैच में बनाए थे।
 
छोड़ी रणजी की कप्तानी
गौतम गंभीर ने इसी माह दिल्ली रणजी टीम की कप्तानी छोड़ दी थी। युवा खिलाड़ियों को मौका देने की बात कहते हुए उन्होंने ये फैसला लिया था। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि अब समय आ गया है कि युवा खिलाड़ियों को ये जिम्मेदारी सौंप दी जाए, इसलिए मैं दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) से आग्रह करता हूं कि वे इस रोल के लिए मेरा चयन ना करें। मैं पीछे रहकर नए कप्तान का मार्गदर्शन करूंगा।
 
 
 
 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »