29 Mar 2024, 19:24:22 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

युजवेंद्र चहल के नाम हुआ ये शर्मनाक रिकॉर्ड, बने पहले भारतीय गेंदबाज

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 22 2018 4:47PM | Updated Date: Feb 22 2018 4:48PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

सेंचुरियन। भारत की तरफ से टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल के नाम पर बुधवार को एक पारी में सबसे खराब गेंदबाजी करने का भारतीय रिकाॅर्ड भी जुड़ गया। चहल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में अपने चार ओवर में 64 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। इस तरह से वह भारत की तरफ से एक पारी में सबसे महंगे गेंदबाज बन गए हैं। 
 
इससे पहले यह रिकाॅर्ड जोगिंदर शर्मा के नाम पर था जिन्होंने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ डरबन में चार ओवर में 57 रन लुटाए थे। संयोग से भारत की तरफ से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का रिकाॅर्ड भी चहल के नाम पर ही है। उन्होंने फरवरी 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ बेंगलुरू में 25 रन देकर छह विकेट लिए थे। 
 
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के मामले में चहल जहां विश्व टी-20 क्रिकेट में तीसरे स्थान पर हैं वहीं सबसे खराब प्रदर्शन के मामले में भी संयुक्त तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। आयरलैंड के बैरी मैकार्थी (चार ओवर में 69 रन) और दक्षिण अफ्रीका के काइल एबोट (चार ओवर में 68 रन) सबसे महंगे गेंदबाजों की सूची में पहले दो स्थान पर हैं। 
 
इनके बाद चहल सहित जेम्स एंडरसन, सनथ जयसूर्या, एंड्रयू टाइ और बेन व्हीलर का नंबर आता है। न्यूजीलैंड के व्हीलर ने पिछले सप्ताह आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ आकलैंड में 3.1 ओवर में 64 रन लुटाए थे। आॅस्ट्रेलिया के टाइ ने भी इसी मैच में चार ओवर में 64 रन दिए थे। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में यह आठवां अवसर है जबकि किसी भारतीय गेंदबाज ने एक पारी में 50 या इससे अधिक रन लुटाए। 
 
चहल का दूसरी बार इस सूची में नाम दर्ज हुआ है और वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज हैं। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में चार ओवर में 52 रन दिये थे लेकिन तब उन्हें चार विकेट भी मिले थे। यहीं नहीं चहल की गेंदों पर कल मैच के दौरान सात छक्के लगे। इस तरह से वह एक पारी में सर्वाधिक छक्के लुटाने वाले भारतीय गेंदबाज भी बन गये हैं। इससे पहले आॅस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने 2010 में ब्रिजटाउन में रविंद्र जडेजा के दो ओवरों में छह छक्के लगाये थे।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »