मुंबई। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी की टीम में वापसी पर असमंजस बना हुआ है। महेन्द्र सिंह धोनी के बारे में रोज़ नए नए कयास लगाए जा रहे हैं। अब बीसीसीआई के नए अध्यक्ष सौरव गांगुली ने इन कयासों को और बढ़ा दिया है। जब गांगुली से पूछा गया कि क्या विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी अगले साल आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप में हिस्सा लेंगे? तो बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा, 'कृपया धोनी से पूछें..उन्होने इस सवाल का जवाब हां या ना में नहीं दिया।
धोनी जुलाई में इंग्लैंड में वनडे विश्व कप में भारत के सेमीफाइनल में बाहर होने के बाद से ही नहीं खेल रहे हैं। वह वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं गये और इसके बाद दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू श्रृंखलाओं में भी नहीं खेले। गांगुली से जब एक पत्रकार ने महेन्द्र सिंह धोनी की टी20 विश्व कप में खेलने की संभावना के बारे में पूछा तो उनका सीधा जवाब था, 'कृपया धोनी से पूछें। गांगुली बोर्ड की 88वीं वार्षिक आम बैठक (BCCI AGM) के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। महेन्द्र सिंह धोनी ख़ुद भी इन कयासों पर विराम नहीं लगा रहे हैं. धोनी ने खुद कहा था कि वह टीम से बाहर रहने के बारे में जनवरी तक जवाब नहीं देंगे।