पुणे। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के आखिरी मैच से पहले दक्षिण अफ्रीका के मुख्य स्पिनर केशव महाराज कंधे में चोट के चलते सीरीज से बाहर हो गए हैं। महाराज को पुणे में दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन क्षेत्ररक्षण के दौरान कंधे में चोट लगी थी। जिसके बाद रविवार को उनके टेस्ट कराये गए जिसमें बताया गया है कि वह आखिरी टेस्ट मैच से पहले स्वस्थ नहीं हो सकेंगे। उनकी जगह टीम में बाएं हाथ के स्पिनर जॉर्ज लिंडे को लिया गया है। बाएं हाथ के स्पिनर महाराज ने दूसरे टेस्ट में हालांकि गेंद से केवल एक ही विकेट लिया था लेकिन उन्होंने कंधे में दर्द के बावजूद अपनी टीम के लिए पहली पारी में झुझारू 72 रन की पारी खेली थी।
महाराज ने वेर्नोन फिलेंडर के साथ नौवें विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी कर भारतीय गेंदबाजों को संघर्ष भी कराया था। महाराज के कंधे की रिपोर्ट के अनुसार उनके दाएं कंधे की मांसपेशियों में सूजन है। वह गेंदबाजी करते हुए भी काफी परेशानी में दिखाई दे रहे थे। चोट से उबरने के लिए डॉक्टरों ने उन्हें 14 से 21 दिन तक आराम करने की सलाह दी है। उल्लेखनीय है कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज दूसरा टेस्ट मैच समाप्त हुया जिसे भारत ने पारी और 137 रनों से जीत कर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अपराजेय बढ़त बना ली है। तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच रांची में 19 अक्टूबर से खेला जायेगा।