नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी धोनी ने गुरुवार को एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने रांची में बिजली कटौती को लेकर उठाया है। साक्षी धोनी ने झारखंड की राजधानी रांची में बिजली की हालत को लेकर ट्वीट किया है।
उन्होंने लिखा कि रांची में हर दिन 4 से 7 घंटे तक बिजली नहीं रहती है। शहर के लोग हर दिन पावर कट का सामना करते हैं। गुरुवार शाम साक्षी धोनी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 19 सितंबर को भी पांच घंटे बिजली नहीं रही। बिजली काटने का कोई कारण नहीं है। आज त्योहार भी नहीं है और मौसम भी साफ है। उम्मीद है कि संबंधित प्राधिकार समस्या का समाधान करेंगे।
साक्षी का ट्वीट वायरल होते ही झारखंड ऊर्जा वितरण निगम लिमिटेड ने कहा कि ठाकुर गांव के पास नया सब स्टेशन बन रहा है। इसके लिए 33 केवीए पावर ट्रांसफार्मर लगाए जाने की वजह से बिजली आपूर्ति रोकी गई थी। इसके कारण सिमरिया, फुटकर डेलाटोली, पंडरा, फ्रेंड्स कॉलोनी के इलाकों में 7 घंटे बिजली नहीं रही। इसकी पूर्व सूचना भी जारी कर दी गयी थी।