29 Mar 2024, 10:16:36 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

विराट पर एनिमेटेड फिल्म, कोटला का नाम होगा अरुण जेटली स्टेडियम

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 12 2019 12:37AM | Updated Date: Sep 12 2019 12:37AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। भारतीय कप्तान विराट कोहली पर गुरूवार को यहां होने वाले डीडीसीए समारोह में एनिमेटेड फिल्म दिखाई जायेगी। समारोह में राजधानी के क्रिकेट स्टेडियम फिरोजशाह कोटला का नाम अरुण जेटली स्टेडियम और स्टेडियम में नए पवेलियन स्टैंड का नाम विराट पर रखा जाएगा। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने अपने पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के नाम पर फिरोजशाह कोटला स्टेडियम का नाम रखने का फैसला किया था। जेटली का गत 24 अगस्त को निधन हो गया था। वह 1999 से 2013 तक डीडीसीए के अध्यक्ष रहे थे।
 
डीडीसीए के अध्यक्ष रजत शर्मा ने बताया कि गुरूवार को एक समारोह के दौरान यह घोषणा की जाएगी। इसी समारोह में कोटला के एक स्टैंड का नाम भारतीय कप्तान विराट कोहली के नाम पर भी रखा जाएगा। यह समारोह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम कॉम्लेक्स स्थित भारोत्तोलन हाल में होगा। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे और केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू इस अवसर पर सम्मानीय अतिथि होंगे। रजत शर्मा ने कहा, ‘‘जेटली को यह डीडीसीए की तरफ से श्रद्धांजलि होगी। इस स्टेडियम का पुनर्निमाण उस समय हुआ था जब जेटली डीडीसीए के अध्यक्ष थे। जेटली के समर्थन और प्रोत्साहन से ही विराट, सहवाग, गौतम गंभीर, आशीष नेहरा, रिषभ पंत और कई अन्य क्रिकेटरों ने भारतीय टीम में जगह बनायी और भारत को गौरव प्रदान किया।
 
समारोह में विराट के नाम पर उनके घरेलू फिरोजशाह कोटला मैदान के एक स्टैंड का नाम रखा जाएगा। विराट इस तरह सबसे युवा सक्रिय क्रिकेटर बन जाएंगे जिनके नाम पर फिरोजशाह कोटला स्टेडियम के एक स्टैंड का नाम रखा जाएगा। इस दौरान विराट के क्रिकेट सफर पर एक एनिमेटेड फिल्म भी दिखाई जायेगी। विराट ऐसे तीसरे खिलाड़ी होंगे जिनके नाम पर कोटला के स्टैंड का नाम रखा जाएगा। इससे पहले बिशन सिंह बेदी और मोहिंदर अमरनाथ के नाम पर कोटला के दो स्टैंड के नाम रखे गए हैं। वीरेंदर सहवाग और अंजुम चोपड़ा दो अन्य ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके नाम पर कोटला के गेट रखे गए हैं जबकि हॉल ऑफ फेम पूर्व भारतीय कप्तान मंसूर अली खां पटौदी के नाम पर रखा गया है। डीडीसीए इस अवसर पर पूरी भारतीय टीम और कोच रवि शास्त्री को सम्मानित करेगा। डीडीसीए इस अवसर पर उन क्रिकेटरों को भी सम्मानित करेगा जिन्होंने दिल्ली की सेवा की है लेकिन पिछले पांच वर्षों में रिटायर हो गए हैं।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »