मुंबई। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रहे अजिंक्य रहाणे अगले साल आईपीएल में नई टीम के साथ जुड़ सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी रहाणे को अपनी टीम में शामिल करने की इच्छा जता चुकी है। बताया जा रहा है कि इसे लेकर दिल्ली कैपिटल्स की राजस्थान रॉयल्स से चर्चा जारी है। यदि सबकुछ ठीक रहा तो अगले आईपीएल में रहाणे दिल्ली कैपिटल्स की टीम में नजर आ सकते हैं। हालांकि अभी किसी भी ओर से इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली कैपिटल्स की टीम रहाणे को बतौर खिलाड़ी अपनी टीम से जोड़ना चाहता है। लेकिन फिलहाल रहाणे का राजस्थान रॉयल्स से करार है। इतना ही नहीं रहाणे टीम की कप्तानी भी कर रहे हैं। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स की इस इच्छा का इतनी आसानी से पूरा होना मुश्किल नजर आ रहा है। हालांकि दावा किया जा रहा है कि फ्रेंचाइज में उच्च स्तर पर बातचीत जारी है। यदि दोनों फ्रेंचाइजी में तालमेल बैठता है तो रहाणे की टीम बदल जाएगी। बता दें कि रहाणे कई सीजन से राजस्थान से जुड़े हुए हैं।
रहाणे की कप्तानी हालांकि राजस्थान रॉयल्स पिछले सीजन में कुछ खास नहीं कर पाई और उसे कई मैचों में बहुत करीबी हार मिली। रहाणे 2008 और 2009 में मुंबई इंडियंस की ओर से खेले थे। 2010 में वे नहीं खेले थे और फिर 2011 में राजस्थान रॉयल्स से जुड़े। राजस्थान पर प्रतिबंध की अवधि में रहाणे बीच के 2 साल तक पुणे के लिए खेले थे, लेकिन फिर उनकी वापसी हुई और वे फिलहाल राजस्थान रॉयल्स के कप्तान हैं।