29 Mar 2024, 03:02:19 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को दी 242 की चुनौती

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 14 2019 7:34PM | Updated Date: Jul 14 2019 7:56PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

लंदन। ओपनर हेनरी निकोल्स (55) के अर्धशतक और टॉम लाथम की 47 रन की उपयोगी पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने एतिहासिक लॉर्ड्स मैदान में रविवार को आईसीसी विश्वकप के फाइनल में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ 50 ओवर में आठ विकेट पर 241 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ओपनर मार्टिन गुप्तिल हालांकि 19 रन बनाकर टीम के 29 के स्कोर पर आउट हो गए लेकिन बाद के बल्लेबाजों ने उपयोगी प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचा दिया। हेनरी निकोल्स ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी की और अपना नौंवा वनडे अर्धशतक बनाया। निकोल्स ने 77 गेंदों पर 55 रन की पारी में चार चौके लगाए। इससे पहले गुप्तिल ने 18 गेंदों पर 19 रन में दो चौके और एक छक्का लगाया था।

कप्तान केन विलियम्सन ने 53 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 30 रन, रॉस टेलर ने 31 गेंदों में 15 रन, लॉथम ने 56 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के के सहारे 47 रन, जेम्स नीशम ने 25 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 19 रन और कॉलिन डी ग्रैंडहोम ने 28 गेंदों में 16 रन बनाए। इंग्लैंड की तरफ से क्रिस वोक्स ने नौ ओवर में 37 रन पर तीन विकेट, लियाम प्लेंकेट ने 10 ओवर में 42 रन पर तीन विकेट और मार्क वुड ने 10 ओवर में 49 रन पर एक विकेट लिया। गुप्तिल को तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स ने पगबाधा किया। गुप्तिल का विकेट गिरने के बाद निकोल्स और विलियम्सन ने दूसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की। लियाम प्लेंकेट ने 15 रन के अंतराल में विलियम्सन और निकोल्स के विकेट लिए। टेलर भी जल्दी आउट हो गए। टेलर को मार्क मुड ने पगबाधा किया।

टेलर का विकेट गिरने के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट पर 141 रन हो गया। लॉथम और नीशम ने पांचवें विकेट के लिए 32 रन जोड़े। नीशम को प्लंकेट ने जो रुट के हाथों कैच कराया। नीशम का विकेट 173 के स्कोर पर गिरा। लॉथम ने फिर ग्रैंडहोम के साथ छठे विकेट के लिए 46 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। वोक्स ने ग्रैंडहोम को अपना दूसरा शिकार बनाया और फिर लॉथम का विकेट भी लिया। लॉथम 49वें ओवर में आउट हुए जबकि जोफ्रा आर्चर ने 50वें ओवर में मैट हेनरी को बोल्ड किया। हेनरी चार रन ही बना सके। मिशेल सेंटनर पांच रन पर नाबाद रहे। आर्चर ने 10 ओवर में 42 रन पर एक विकेट हासिल किया। 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »