मुंबई। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच बर्मिंघम में बुधावार को खेले गए विश्व कप के मुकाबले में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल ने एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। विश्व कप 2019 में यह पहली बार हुआ जब कोई खिलाड़ी इस तरह से आउट हुआ। दरअसल, मार्टिन गप्टिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हिट विकेट आउट हुए जो कि बेहद ही हैरानी भरा रहा।
दक्षिण अफ्रीका द्वारा बनाए 241 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्टिन गप्टिल पारी के 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर हिट विकेट आउट हो गए। पारी का 15वां ओवर एंडिले फेलुक्वायो डाल रहे थे, आखिरी गेंद पर गप्टिल पुल शॉट खेलने के लिए गए और उन्होंने एंडिले फेलुक्वायो की गेंद को अच्छी तरीके से खेल भी दिया, लेकिन उनके शरीर का बोझ रन लेते समय पीछे की ओर चला गया। इसी दौरान उनका एक पैर विकेट से जा लगा और वे हिट विकेट आउट हो गए।
विश्व कप 2019 में हिट विकेट आउट होने वाले गप्टिल पहले बल्लेबाज हैं। मार्टिन गप्टिल न्यूजीलैंड के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं, जो वर्ल्ड कप में हिट विकेट आउट हुए हैं। गप्टिल ने अपनी इस पारी में हिट विकेट आउट होने से पहले 59 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 35 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को चार विकेट से हराकर इस मैच को अपने नाम कर लिया।
मार्टिन गप्टिल से पहले विश्व कप के इतिहास में नौ खिलाड़ी हिट विकेट आउट हो चुके हैं। 1975 के पहले विश्व कप में एक खिलाड़ी हिट विकेट आउट हुआ था। 1979 में भी एक खिलाड़ी, 1996 में दो, 2003 में दो, 2007 में एक और 2015 में दो खिलाड़ी हिट विकेट आउट हुए थे।