25 Apr 2024, 23:37:58 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

हार्दिक पांड्या की तूफानी पारी से जीती मुंबई - RCB को 5 विकेट से हराया

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 16 2019 11:37AM | Updated Date: Apr 16 2019 11:37AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मुंबई। मुंबई इंडियंस ने सोमवार को आखिरी के ओवरों में खेली गई हार्दिक पांड्या की 16 गेंदों पर नाबाद 37 रनों की पारी के सहारे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को पांच विकेट से हरा दिया। बेंगलोर ने वानखेड़े स्टेडियम में खेल गए इस मैच में अब्राहम डिविलियर्स (75) और मोइन अली (50) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 171 रन बनाए थे। इस लक्ष्य को मुंबई ने 19 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। हार्दिक ने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के मारे। इस हार ने बेंगलोर की प्लेऑफ की उम्मीदों को भी गहरे संकट में डाल दिया है। आठ मैचों में उसकी यह सातवीं हार है। 
 
कप्तान रोहित शर्मा (28) और क्विंटन डी कॉक (40) ने टीम को तेज शुरुआत दी। इस सलामी जोड़ी ने मुंबई को सात ओवरों में 70 रनों का स्कोर दे दिया। लेकिन मोइन अली ने अगले ओवर में दोनों बल्लेबाजों को आउट कर दिया। ईशान किशन ने आते से ही आक्रामकता दिखाई। ईशान हालांकि ज्यादा देर तक विकेट पर रह नहीं सके। उन्होंने सिर्फ नौ गेंदें खेली जिनमें से तीन पर छक्के लगाए। वह 21 के निजी स्कोर पर युजवेंद्र चहल का शिकार बने। चहल ने अपना अगला शिकार सूर्यकुमार यादव (29) को बनाया। 
 
क्रुणाल पांड्या (11) भी 18वें ओवर में पवेलियन लौट लिए। दूसरे छोर पर हालांकि उनके भाई हार्दिक पांड्या खड़े थे। दो ओवरों में मुंबई को 22 रनों की दरकार थी। कोहली ने 19वां ओवर बाएं हाथ के स्पिनर पवन नेगी को दिया और पांड्या ने इसी ओवर में दो छक्के और दो चौकों की मदद से जरूरी रन बना एक ओवर पहले ही मुंबई को जीत दिला दी। 
 
इससे पहले, मोइन और डिविलियर्स ने बेंगलोर को मजबूत स्कोर दिया। यह स्कोर और ज्यादा हो सकता था लेकिन लसिथ मलिंगा ने आखिरी के ओवरों में लगातार विकेट लेकर बेंगलोर को ज्यादा आगे नहीं जाने दिया। मलिंगा ने आखिरी ओवर फेंका जिसमें सिर्फ नौ रन दिए और दो विकेट लिए।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »