नई दिल्ली। देश के आटो मोबाइल क्षेत्र में लंबे समय से छाई मंदी के बाद नवंबर माह यात्री वाहन बिक्री के लिहाज से कुछ सुकून भरा रहा। माह के दौरान यात्री वाहन वर्ग की बिक्री में एक प्रतिशत से कम की गिरावट रही और दो लाख 63 हजार 773 यूनिट की बिक्री की गई। कुल वाहन बिक्री में हालांकि 12 प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। भारतीय आटोमोबाइल्स निर्माता संघ की तरफ से मंगलवार को जारी आंकड़ों में बताया गया कि पिछले साल नवंबर में दो लाख 66 हजार यात्री वाहन बेचे गए थे। इस संख्या में इस वर्ष 0.84 प्रतिशत की मामूली गिरावट रही और दो लाख 63 हजार 773 यूनिट की बिक्री हुई। इस दौरान घरेलू बाजार में कार बिक्री में 10.83 प्रतिशत की गिरावट रही। पिछले साल माह में एक लाख 79 हजार 783 कारें बिकी थीं। यह संख्या नवंबर-19 में घटकर एक लाख 60 हजार 306 रह गई।
आंकड़ों के अनुसार माह के दौरान कुल वाहन बिक्री पिछले साल से 12.05 प्रतिशत कम रही। पिछले साल नवंबर के कुल 2,038,007 वाहनों की तुलना में नवंबर..19 में वाहनों की बिक्री 1,792,415 रही। वाणिज्यिक वर्ग में बिक्री 14.98 प्रतिशत घटी। घरेलू बाजार में नवंबर -19 में यह आंकड़ा 61,907 यूनिट रहा, जबकि पिछले साल यह संख्या 72,812 इकाई था। तिपहिया बिक्री 4.45 प्रतिशत बढ़कर 53 हजार 401 से 55 हजार 778 पर पहुंच गई। नवंबर 2019 में दोपहिया वाहनों की बिक्री 1,410,939 यूनिट की रही, जो पिछले नवंबर के मुकाबले 14.27 फीसदी कम थी। पिछले साल नवंबर में 1,645,783 दोपहिया वाहन बिके थे। मोटरसाइकिल बिक्री में 14.87 प्रतिशत की गिरावट रही। इस वर्ग में बिक्री 10 लाख 49 हजार 651 से घटकर आठ लाख 93 हजार 538 रह गई।