नई दिल्ली। रक्षा क्षेत्र में निजी कंपनियों की भागीदारी बढाने के सरकार के प्रयासों के तहत रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने आज 16 घरेलू कंपनिनयों के साथ प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के 30 समझौतों पर हस्ताक्षर किये। गोवा में गुरूवार से शुरू हए तीन दिन के ‘वाइब्रेन्ट गोवा ग्लोबल एक्सपो ’ में किये गये इन समझौतों में तीन स्टार्ट अप कंपनी भी शामिल हैं जो डीआरडीओ से मिली प्रौद्योगिकी की मदद से विभिन्न उत्पाद बनायेंगी। डीआरडीओ सशस्त्र सेनाओं के लिए अनेक प्रौद्योगिकी विकसित कर रहा है। निजी क्षेत्र की कंपनी प्रौद्योगिकी हासिल करने के बाद सेना की जरूरतों को पूरा कर रही हैं। ये कंपनी सेना के लिए विशेष रूप से खाद्य पदार्थ, राशन और आपात स्थिति में इस्तेमाल की जाने वाली खाद्य सामग्री बनाती हैं। ये खाद्य पदार्थ दुर्गम क्षेत्रों में प्रतिकूल परिस्थितियों में तैनात जवानों के लिए खरीदे जाते हैं। इन खाद्य पदार्थों में पोष्टिक तत्वों का विशेष ख्याल रखा जाता है और ये लंबे समय तक खराब नहीं होते। यह प्रौद्योगिकी समाज के भी हित में है। प्रदर्शनी में डीआरडीओ के वैज्ञानिक कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ संवाद के साथ-साथ उन्हें प्रौद्योगिकी के बारे में विस्तार से जानकारी भी दे रहे हैं। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने किया था।