मुंबई। बॉलीवुड में इस समय शादी का माहौल है। हाल ही में दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह इटली में शादी कर भारत लौटे। अब फैंस को प्रियंका चोपड़ा की शादी का इंतजार है। प्रियंका अगले महीने यानी दिसंबर में अपने 10 साल छोटे मंगेतर निक जोनस से शादी कर सकती हैं। शादी की डेट अभी तक सामने नहीं आई है लेकिन खबर है कि 2-3 दिसंबर को ये कपल शादी के बंधन में बंध जाएगा। हाल ही में प्रियंका की शादी को लेकर एक नया अपडेट आया है।
प्रियंका ने अपनी अगली फिल्म 'द स्काई इज पिंक' की शूटिंग के दौरान सेट पर मिठाइयां बांटी। फिल्म में प्रियंका के साथ काम कर रहे फरहान अख्तर और फिल्म का निर्देशन कर रही शोनाली बोस ने मिठाई की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर शेयर किया । इस मिठाई की खास बात ये थी कि इसे पेरिस से मंगवाया गया था। बता दें कि प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस का रोका इसी साल 18 अगस्त को मुंबई में हो चुका है जिसके बाद अब यह जोड़ी शादी करने जा रही है।
प्रियंका और निक हाल ही में जोधपुर के उमैद पैलेस गए थे जहां इस जोड़ी ने अपनी शादी की लोकेशन को देखा। प्रियंका फिलहाल अपनी फिल्म की शूटिंग में बिजी हैं । वहीं निक ने शादी की सारी शॉपिंग कर ली है। खबरों के मुताबिक, निक अपने पूरे परिवार के साथ भारत आ चुके हैं। कुछ ही दिनों में प्रियंका और निक अपनी शादी की डेट रिवील कर सकते हैं।