मुंबई। बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की आज इटली के लेक कोमो में कोंकणी रीति-रिवाज से शादी हो गई है। वहीं आज दोनों की शादी पंजाबी रीति रिवाज में शादी होगी। इस ग्रैंड वेडिंग में परफॉर्म करने पहुंची सिंगर हर्षदीप कौर ने लेक कोमो वेन्यू से सबसे पहली तस्वीर सभी के साथ साझा की है। शादी के जश्न में प्रस्तुति देने के लिए लोकप्रिय गायिका हर्षदीप और संजोय दास सहित संगीत कलाकारों का एक समूह विवाह के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा है।
सोशल मीडिया पर ये तस्वीर शेयर करते ही वायरल हो गई है। इस तस्वीर को साझा करते हुए हर्षदीप कौर ने लिखा- 'क्या खूबसूरत दिन है।' तस्वीर में हर्षदीप मिंट ग्रीन कलर के लहंगे और सफेद टर्बन में दिखाई दे रही हैं। तस्वीर में उनके साथ उनके पति मनकीत सिंह भी नजर आ रहे हैं। संगीत फंक्शन में पंजाबी सिंगर हर्षदीप कौर ने अपने कई हिट गाने गाए। इनमें कबीरा, दिलबरो, मनमर्जियां शामिल थे।
इसके अलावा मेहंदी नी मेहंदी, काला शा काला, मेहंदी है रचने वाली, गुड़ नाल इश्क मिठा जैसे ट्रैक बजे। खबर ये भी है कि रणवीर ने दीपिका के लिए 'गुंडे' फिल्म का 'तूने मारी एंट्री' गाना भी गाया। वहीं, दीपिका अपनी मेहंदी सेरेमनी में काफी भावुक हो गईं। जब दीपिका इमोशनल हुईं तो रणवीर सिंह उनका सहारा बनते नजर आए।